मगध एक्सप्रेस में बच्ची को जन्म देने वाली महिला नवजात के साथ।
- फोटो : Amar Ujala
मगध एक्सप्रेस की जनरल बोगी में शनिवार रात को बिहार की एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। महिला पति और दो बच्चों के साथ नई दिल्ली स्टेशन से सवार हुई थी। कुछ देर बाद ही उसके प्रसव पीड़ा होना शुरू हो गई। गाड़ी के अलीगढ़ जंक्शन पर पहुंचते ही महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। बोगी में मौजूद महिलाओं ने चादर लगा महिला का प्रसव कराया।
सूचना पर स्टेशन स्टाफ भी डाक्टरों की टीम के साथ पहुंच गया। स्टाफ ने बच्ची का नामकरण करते हुए उसे गुड़िया नाम दिया है। जच्चा और बच्चा के सुरक्षित होने पर स्टाफ ने खुशी मनाई। स्टेशन पर ही मिठाई बांटी गई। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के अनुसार बच्ची को आजीवन फ्री रेल यात्रा की सुविधा दिलवाने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।
बिहार की राजधानी पटना के थाना धनुआ के गांव कोसू की रहने वाली सोनी देवी अपने पति जितेंद्र और दो बच्चियों के साथ नी दिल्ली स्टेशन से रात आठ बजे के करीब मगध एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार हुई। जितेंद्र ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करते हैं। पत्नी नौ माह के गर्भ से थी। प्रसव कराने के लिए ही गांव जा रहे थे।
गाड़ी के गाजियाबाद स्टेशन को पार करते ही पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द जब हद से अधिक बढ़ गया तो गाड़ी के अलीगढ़ जंक्शन पहुंचने से पहले ही बोगी में मौजूद महिला यात्रियों ने मदद करते हुए। चादर लगाकर प्रसव कराने की तैयारी कर ली।
गाड़ी के अलीगढ़ जंक्शन पर पहुंचते ही पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। इधर, बोगी में मौजूद अन्य यात्रियों ने चिकित्सकीय सहायता के लिए अलीगढ़ जंक्शन के स्टाफ को पहले से खबर कर दी। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही मौजूद डाक्टरों की टीम ने चिकित्सकीय मदद प्रदान की।