भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधु मिश्रा के खिलाफ बृहस्पतिवार को हजरतगंज कोतवाली में दलित उत्पीड़न और मानहानि की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई। मधु के खिलाफ बीते मंगलवार को अंबेडकर महासभा की मीडिया प्रभारी डॉ. सत्या दोहरे ने तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर विजयमल यादव ने बताया कि शिकायत की जांच उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह को सौंपी गई थी।
जांच में दोषी पाए जाने के बाद मधु मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई है।
अंबेडकर महासभा के कार्यालय सचिव रामचंद्र पटेल ने बताया कि मधु मिश्रा ने बीते रविवार को अलीगढ़ में परसुराम सेवा संस्थान की तरफ से रामलीला मैदान में आयोजित विप्र सम्मेलन एवं होली मिलन समारोह में दलितों पर अशोभनीय बयान दिया था। उनके बयान से दलित समाज खासा आक्त्रसेशित और अपमानित महसूस कर रहा था। पार्टी नेतृत्व में मधु को बर्खास्त कर दिया था। महासभा के पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी की मांग लेकर विधानसभा स्थित कार्यालय से हजरतगंज चौराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक पैदल मार्च निकाला था। इसके अलावा एक प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी जावीद अहमद से भी मुलाकात की थी।