नगर पंचायत मडराक के वार्ड नंबर पांच में चार महीने पहले बनी 300 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क टूट गई है। यह सड़क पहली बरसात भी झेल न सकी।
30 अगस्त को नगर पंचायत की सभासद कार्यकारिणी की बैठक में इस मुद्दे को लेकर हंगामा हो गया। घटिया निमार्ण कार्य को लेकर सभासदों ने अधिशासी अधिकारी व नगर पंचायत अध्यक्ष से नाराजगी जताई। हंगामा बढ़ते देख अधिशासी अधिकारी ने ठेकेदार से दोबारा निर्माण कराने के लिए कहा है। बैठक में सभासदों ने विकास कार्यों में हो रहे गोलमाल पर भी सवाल उठाए। सभासदों की अधिशासी अधिकारी से नोकझोंक भी हुई। हंगामे के बाद कार्यकारिणी की बैठक बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गई। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि इंटरलॉकिंग सड़क बनाने वाले ठेकेदार को तलब कर दोबारा से निर्माण कार्य कराया जाएगा। घटिया निर्माण के लिए चेतावनी भी दी गई है।
सभासद प्रमोदवीर कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर पांच में इंटरलॉकिंग सड़क चार महीने पहले ही बनाई गई थी। यह पहली ही बारिश में टूट गई। इसके लिए 30 अगस्त को नगर पंचायत में सभासदों व अधिशासी अधिकारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ कार्यकारिणी की बैठक हुई थी।जावेद खान ने कहा कि उन्हें सभासद बने डेढ़ साल हो गए लेकिन अभी तक नगर पंचायत के कर्मचारियों की सूची नहीं दी गई है। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान में नगर पंचायत ने एक झंडा नहीं दिया। उन्होंने गलत बर्ताव करने का भी आरोप लगाया।