लोधा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया मैनेजमेंट की जानकारी देने का झांसा देकर सियल नगर के दीपांशु से 20 हजार रुपये और चांदी की चेन लूट ली गई। चार आरोपियों ने बुधवार को युवक को कॉल कर टीपी नगर में बुलाया। इसके बाद डरा धमकाकर वारदात को अंजाम दिया।
दीपांशु ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि 18 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर इंद्रजीत नाम के व्यक्ति ने फोन किया। इंद्रजीत ने कहा कि वह उन्हें सोशल मीडिया मैनेजमेंट की जानकारी देना चाहता है। इससे उसे काफी लाभ होगा। उसने जानकारी देने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर आने के लिए कहा।
दीपांशु अपने दोस्त कृष्णा गोस्वामी के साथ बिना नंबर की होंडा शाइन बाइक से बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां इंद्रजीत के साथ तीन अन्य आरोपी भी मौजूद थे। आरोपियों ने दीपांशु व उनके साथियों से पैसे मांगे। उन्होंने नकद रुपये न हाेने की बात कही तो आरोपियों ने उन पर हमला किया।
दीपांशु ने अपने परिचित शिव अरोड़ा के मोबाइल से दस-दस हजार रुपये दो बार आरोपियों के बताए मोबाइल नंबर पर यूपीआई के माध्यम से हस्तांतरित कर दिए। सीओ गभाना सृष्टि जैन का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिन नंबरों पर रुपये हस्तांरित किए गए हैं, थाना पुलिस को उन नंबरों की पड़ताल कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।