गुरुवार की सुबह करीब सात बजे जीटी रोड पर लोनी से सलेमपुर जा रहा एलपीजी गैस से भरा टैंकर अचानक पलट गया। टैंकर के वाल से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई। सड़क किनारे तंबू डालकर रहने वाले नटों के डेरे से लोग बच्चों और पशुओं को लेकर जंगल की ओर भाग निकले। हाईवे पर वाहन चालक टैंकर से दूर होने लगे। उधर टैंकर के पलटने से जीटी रोड पर जाम हो गया। करीब आठ घंटे तक जाम रहा। इस दौरान दोनों ओर हाईवे पर फंसे वाहनों में मौजूद लोग भीषण धूप, गर्मी और गर्म हवा के थपेड़ों से बिलबिला उठे।
बताते हैं कि अलीगढ़ से सिकंदराराऊ की ओर जाते समय गोपी गांव चौराहा पार करते ही चालक को अचानक नींद का झोंका आया जिससे एलपीजी टैंकर असंतुलित हो गया। टैंकर का अगला हिस्सा सड़क की दूसरी साइड में पटरी पर उतर गया। सड़क की पटरी नीचे होने से टैंकर पलट गया। पलटते ही टैंकर के पीछे लगा वाल ढीला होने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर पलटते ही चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों को टैंकर से दूर ही रोकना शुरू कर दिया। पुलिस ने इंडेन गैस प्लांट को सूचना दी।
इसी दौरान वहां पहुंचे एक ट्रक चालक ने जान जोखिम में डालकर टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को रोका, जिसके बाद राह में फंसे वाहनों में मौजूद लोगों एवं स्थानीय निवासियों के साथ पुलिस के जान में जान आई। इसी बीच चार दमकल, इंडेन गैस के कुछ अधिकारी-कर्मचारी और चार क्रेेन मौके पर पहुंची, जिनकी मदद से टैंकर को सड़क से हटाया गया, तब कहीं जाकर जाम खुल सका।
20 रुपये बोतल बेचा नलों का पानी
टैंकर पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर फंसीं रोडवेज बसों, कारों समेत अन्य वाहनों में मौजूद लोगों की मजबूरी का फायदा पानी बेचने वालों ने खूब उठाया। हैंडपंप और नलाें का पानी बोतलों में भरकर 20 रुपये प्रति बोतल में बेचा। आसमान से बरसती आग और गर्म हवा के थपेड़ों से जूझ रहीं महिलाएं, बच्चों की स्थिति देखकर यात्री मुंहमांगा दाम देकर इन बोतलों को खरीदने के लिए मजबूर दिखे।
अनजान ट्रक चालक बना जिंदगियों का मसीहा
एक अनजान ट्रक चालक मसीहा बनकर पहुंचा था। पलटे हुए टैंकर से गैस का तेज रिसाव होने से लोगों के साथ पुलिस को भी पसीना छूट रहा था। तभी उस ट्रक चालक ने पुलिस से कहा कि मेरा सहयोग करें तो मैं लीकेज बंद कर दूंगा।
इसके बाद पुलिस उस ट्रक चालक को लेकर टैंकर के पास पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद उस ट्रक चालक ने गैस का रिसाव रोका, जिसके बाद सबने राहत की सांस ली। गैस का रिसाव रोकने के बाद बगैर अपना नाम, पता बताए वह ट्रक चालक सड़क के बगल में कच्ची पटरी के सहारे ट्रक लेकर निकल गया। जीटी रोड पर गैस से भरा टैंकर पलटने और उससे हो रही गैस रिसाव ने लोगों में भय पैदा कर दिया था। सुबह से मौसम बेहद गर्म होने के साथ गर्म हवाएं चल रही थी।
ऐसे में लोगों को हादसे का डर सता रहा था। हालांकि पुलिस ने उच्चाधिकारियों के साथ ही इंडेन गैस प्लांट को टैंकर पलटने की सूचना दे दी थी, लेकिन इंडेन गैस से अधिकारी-कर्मचारियों के आने में समय था। उस अनजान ट्रक ड्राइवर ने टैंकर के पीछे लगे वाल को किसी तरह से कसा। इसके बाद मौके पर पहुंचीं क्रेनों के जरिए पलटे टैंकर को सड़क से हटाया जा सका।