अफगानिस्तान से पृथ्वीराज चौहान की अस्थियां लाने वाले शेर सिंह राणा ने कहा कि अगर सवर्ण-मुस्लिम का गठजोड़ हो जाए, तो यह उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीत लेगा। इसलिए आज के परिप्रेक्ष्य को देखकर यह गठजोड़ होना चाहिए। एसटी-एससी एक्ट को लेकर भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को जुमलेबाज बताया। वे रविवार को यहां एक रेस्तरां में पत्रकारों से रूबरू थे।
राणा ने कहा कि जब देश की सबसे बड़ी अदालत एससी-एसटी एक्ट पर अपना रुख स्पष्ट कर चुकी थी, तब भाजपा को इसमें दिलचस्पी लेने की जरूरत क्यों पड़ी। 20 फीसदी लोगों को खुश करने के लिए 80 फीसदी लोगों को नजरअंदाज कर दिया गया। अब भाजपा का चेहरा बेनकाब हो चुका है।
शेर सिंह ने कहा कि इस काले कानून के विरोध में 16 सितंबर से राष्ट्रवादी समान अधिकार पद यात्रा निकलेगी, जिसकी शुरुआत सहारनपुर से होगी और समापन आगरा में होगा। यह यात्रा तीन महीने की होगी। इसमें 200 लोग शामिल होंगे, जबकि पांच लाख युवाओं को इससे जोड़ने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सब राजनीतिक पार्टियों ने मुस्लिमों को जोड़ा जरूर है, लेकिन धेला भी फायदा उनको नहीं दिया।
अगर राजपूत-मुस्लिम मिल जाएं, तो भी राजनीति का परिदृश्य बदल जाएगा। प्रधानमंत्री को जुमलेबाज और आरएसएस को ड्रामेबाज बताते हुए शेर सिंह ने कहा कि अगर भाजपा को मुस्लिमों से खतरा है, तो जनसंख्या नियंत्रण कानून क्यों नहीं ला रही है।
राजा होकर मोदी खुद के लिए खतरा बता रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की बात करना बेमानी है। फार्म से जाति वाला कॉलम हटना चाहिए, क्यों कि यहीं से जातिवाद पनपता है। पत्रकारवार्ता में ललित राणा, कवेंद्र प्रताप, शीलू ठाकुर, श्रीपाल चौहान, डॉ. शैलेंद्र पाल सिंह, डैनी ठाकुर आदि मौजूद रहे।