सिविल लाइन थाने से चंद कदम दूर मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने गैस एजेंसी के कैशियर से तमंचे के बल पर दो लाख 30 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। गैस एजेंसी मालिक की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए कैशियर को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन निवासी यूसुफ बेग की जमालपुर में जॉय गैस एजेंसी है। एजेंसी में अजीमुद्दीन कैशियर है। मंगलवार सुबह 11:30 बजे अजीमुद्दीन बाइक से एजेंसी का कैश (230000 रुपये) जमा करने जा रहा था। मुजम्मिल मंजिल के पास वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने अजीमुद्दीन की बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। तमंचा दिखाते हुए अजीमुद्दीन को धमकाया। इस पर कैशियर ने शोर मचाने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने अजीमुद्दीन को तमाचा मारते हुए बैग छीन लिया और भाग गए। इसके बाद कैशियर ने घटना की जानकारी थाना सिविल लाइन पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उससे पूछताछ की। एजेंसी के मालिक की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना सिविल लाइन के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेंद्र कुमार के मुताबिक घटना को जिस तरह बताया जा रहा है, वह कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि घटना जहां पर होना बताया गया है, वहां पर कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला है। जबकि दिन के समय में मार्केट खुला हुआ था। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं। इसमें दिख रहा है कि बाइक सवार पहले से खड़े थे। उन्हें पैसा दे दिया गया और वह लेकर चले गए। इसके अलावा पुलिस कैशियर से पूछताछ कर रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में लुटेरों और बदमाशों का बोलबाला: सपा नेत्री
सपा नेता रुबीना खानम ने गैस एजेंसी के कैशियर से दिनदहाड़े लूट की घटना की निंदा की है। रुबीना ने कहा कि योगीराज में लुटेरे और बदमाशों का बोलबाला है। दिन प्रतिदिन आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल रही है। हत्या, लूट, महिला अपराधों की तो जैसे बाढ़ आ गई है। पुलिस के बड़े-बड़े दावे खोखले साबित हो रहे हैं। पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में विफल है।