थाना बन्नादेवी क्षेत्र के मोहल्ला गढ़िया आलमपुर में दिनदहाड़े अधिवक्ता के घर में तीन बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। विरोध पर बदमाशों ने अधिवक्ता की पत्नी को धारदार हथियार से प्रहार करके घायल कर दिया। शोरगुल पर मौके पर इकट्ठा हुई भीड़ की सहायता से दो बदमाशों को पकड़ लिया गया। जबकि एक बदमाश माल सहित फरार हो गया। घटना के संबंध में अधिवक्ता ने तहरीर दी है।
गढ़िया आलमपुर, अलहदादपुर नीवरी के रहने वाले पुष्पेंद्र कुमार तहसील कोल में अधिवक्ता हैं। तहरीर में अधिवक्ता ने कहा है कि मंगलवार को वह तहसील कोल में अपना कार्य निपटा रहे थे। तभी फोन पर सूचना मिली कि उनके घर में बदमाश घुस आए हैं। जब वह घर पर पहुंचे तो देखा पड़ोस के बनारसी, अजय व ओमवीर सिंह आदि ने दो बदमाशों को पकड़ रखा है।
जबकि एक बदमाश फरार हो गया है। उनकी पत्नी रश्मी देवी को बदमाशों ने धारदार हथियार से प्रहार करके घायल कर दिया है। फरार बदमाश पत्नी के कुंडल, गले की सोने की चेन व अन्य आभूषण लूट ले गया है। पत्नी का कहना है कि जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने एक धारदार चाकू नुमा हथियार से उन पर प्रहार करने का प्रयास किया।
इसके चलते उनका हाथ बुरी तरह जख्मी हुआ है। बाद में महिला को मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया है। पुलिस के अनुसार, जो बदमाश पकड़े गए हैं, वह अलहदादपुर नीवरी के शाहरुख और भूरा हैं। जबकि अकरम नाम का बदमाश फरार है। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही तहरीर के आधार पर मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है।