लूट का शिकार हुए पीड़ित अवधेश कुमार सिंह।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के गांधीपार्क इलाके में बदमाशों की धमाचौकड़ी थम नहीं पा रही है। सोमवार की दोपहर बदमाशों ने बीज प्लांट संचालक की जेब से डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए। जेब कटने का अहसास होने पर उन्होंने भागते एक बदमाश को पकड़ लिया। हाथापाई के दौरान बदमाश अपनाबैग छोड़कर भाग गया। सीसीटीवी में दो बदमाश कैद हुए हैं। पुलिस छानबीन में जुटी है।
हरदुआगंज के गांव अलहदादपुर निवासी अवधेश कुमार सिंह का पनैठी के पास बीज प्लांट है। घर में उनकी बेटी की गौने की विदाई की तैयारी चल रही हैं। इसके लिए वे सामान खरीदने धनीपुर मंडी के सामने परचून की दुकान पर आए थे। उनके पास व्यापारिक कार्य के 50 हजार रुपये पहले से थे। परचून की दुकान पर उनके भतीजे ने उन्हें एक लाख रुपये और दे दिए। ये रुपये भी उन्होंने जेब में रख लिए थे। सामान खरीदने के बाद दुकान के नौकर ने सामान टिर्री में रखवा दिया था। इसी दौरान दो युवक टिर्री में रास्ते में उतरने की बात कहकर सवार हो गए। इनमें से एक तो मंडी से कुछ आगे पहुंचकर उतर गया, जबकि दूसरे ने बौनेर पहुंचने से पहले अवधेश की जेब ब्लेड से काटकर डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए और उतरने लगा। जब उन्हें जेब कटने का अहसास हुआ तो अवधेश ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। बदमाश हाथापाई कर भागा। तभी उसका साथी पल्सर बाइक पर पीछे से आ गया, जिस पर बैठकर दोनों रुपये लेकर भाग गए। इस दौरान बदमाश का बैग छूट गया, जिसमें कुछ कपड़े व तीन हजार रुपये मिले हैं। सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव के अनुसार घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। दोनों बदमाश भी कैमरे में आए हैं। जेब काटी गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
कैशियर लूटकांड में हत्थे नहीं चढ़ रहे लुटेरे
गांधीपार्क क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुई कैशियर लूटकांड में पुलिस को लाइन तो लगभग मिल गई है। मगर तमाम प्रयास के बाद भी लुटेरे हाथ नहीं लग पा रहे हैं। इसे लेकर पुलिस टीमें लगातार हाथ-पैर मार रही हैं। सीओ ने बताया कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। वहीं उन्होंने बताया कि जल्द ही पेट्रोल पंप लूट कांड में बबलू कश्यप व बबलू भरतरी को रिमांड पर लिया जाएगा।