फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विरोधियों की ‘दुकान’ पर जनता लगाएगी अलीगढ़ का ताला : पीएम मोदी

Sun, 14 Apr 2019 09:27 PM IST
राजेश सैनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़़
विज्ञापन
अलीगढ़ में पीएम मोदी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

अलीगढ़ शहर के नुमाइश मैदान में रविवार को आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जनता इनकी दुकान पर अलीगढ़ का ताला लगाएगी। उन्होंने ‘जय भीम’ के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। डॉ. आंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि उनके महान संविधान की ताकत ही है कि एक चाय वाला प्रधानमंत्री के पद पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोगों को भयभीत होकर घर छोड़ने पड़े थे, इसे मैं भूला नहीं हूं।

विज्ञापन


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिमी यूपी में कैसे महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ। लोगों को मजबूरन अपने घरों को छोड़ना पड़ा और मासूम मारे गए। उनकी आवाज को अनसुना करने वाले कौन हैं? कहा कि जनता ने विपक्षियों की दुकान पर पहले ही (2014, 2017 में) अलीगढ़ का ताला लगा दिया था। अब जनता फिर से इनकी दुकान पर अलीगढ़ का ताला लगाएगी। कहा कि एक दबे हुए वर्ग, शोषित समाज का व्यक्ति राष्ट्रपति के पद पर पहुंचा है। बाबा साहेब के बनाए गए संविधान की ही देन है कि एक चाय वाला प्रधानमंत्री बना है।

उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि यूपी की राजनीति करने वालों ने बाबा साहब को भी धोखा दे दिया। इनके लिए सबसे पहले परिवार, उसके बाद रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा कि 2014 और 2017 में यूपी बता चुका है कि जाति और स्वार्थ की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 40 सीटों पर चुनाव भी नहीं लड़ सकते, वह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई में जरा सी भी चूक हो जाती तो यह सारे विपक्षी दल मेरी चमड़ी उधेड़ देते। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल में चलाई गई योजनाओं की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने अलीगढ़, हाथरस और बुलंदशहर के लोकसभा प्रत्याशी क्रमश: सतीश गौतम, राजवीर दिलेर और भोला सिंह को जिताने की अपील की।
 

 

डिफेंस कॉरिडोर का मिलेगा फायदा, किसानों को भी ताकत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने एक सबसे बड़ा सपना डिफेंस कॉरिडोर का देखा है। यह बनेगा तो हमारी सेना के लिए सारे शस्त्रों का उत्पादन यहीं पर होगा। इसका सबसे बड़ा लाभ अलीगढ़ को मिलने वाला है। इसलिए हम उसी प्रकार के उद्योगों को बल दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम किसानों को भी ताकत दे रहे हैं। 12 करोड़ किसानों को 75 हजार करोड़ रुपये खाते में डालने का काम शुरू किया है। तीन करोड़ किसानों के खाते में पैसा जा चुका है। बाकी के खाते में जल्द चला जाएगा।

यूपी को राम-कृष्ण के जमाने जैसा दिलाएंगे सम्मान
मोदी ने कहा कि यूपी ने मुझे जिताया। मुझे पीएम बनाया। मेरे दिल में यूपी को लेकर एक सपना है। इतना बड़ा यूपी, इतने शक्तिशाली लोग। दुनिया में चेन्नई, मुंबई, अहमदाबाद, की चर्चा होती है। लेकिन यूपी की चर्चा नहीं होती। यूपी को जो स्थान मिलना चाहिए, वह यहां की राजनीति ने नहीं दिया। उन्होंने जनता से पूछा कि दुनिया में यह सबसे आकर्षण बनना चाहिए कि नहीं? क्या इतना बड़ा राज्य हाशिए पर पड़ा रहेगा? मैं यूपी को देश समाज व्यवस्था में, अर्थ व्यवस्था में सबसे ऊंचा स्थान दिलाऊंगा। यूपी का राम और कृष्ण के जमाने में जो सम्मान था, वह सम्मान दिलाना चाहता हूं। इसके लिए मुझे आपकी ताकत चाहिए।

कुटीर उद्योगों के लिए बनाई जेम
मोदी ने कहा कि  स्थानीय उद्योग, विशेष कर कुटीर उद्योगों का ध्यान रखते हुए सरकार ने यह तय किया है कि सरकारी कंपनियां अपनी 25 फीसदी आवश्यकता की चीजें  कुटीर उद्योगों से खरीदेंगी। इसका सबसे बड़ा लाभ हमारे इन कुटीर उद्योगों को मिलने वाला है। हमने एक जेम (जेईएम) योजना बनाई है। इसके तहत एक छोटे से घर में भी कुछ बनाने वाला हो, वह अगर रजिस्ट्री करा लेता है तो, सरकार उनसे सामान खरीदेगी।

विज्ञापन

मोदी, योगी की मौजूदगी में मंच के नीचे स्पार्क, टला हादसा

अलीगढ़ में पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसभा संबोधित करने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में भयंकर चूक हुई। पीएम की मौजूदगी में ही मंच के नीचे शार्ट सर्किट से दो बार स्पार्क हुआ और आग लगने से बच गई। यही नहीं अव्यवस्था का आलम यह रहा कि मंच व डी के ठीक सामने बने दो ब्लाक में क्षमता से ज्यादा भीड़ होने पर उनकी बेरीकेडिंग टूट गई। उसमें महिलाएं और महिला पुलिस की कुछ कांस्टेबल दब गईं। स्थिति यह हो गई कि मंच पर बैठे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके अलावा पीएम के संबोधन में पांच बार साउंड सिस्टम भी दगा दे गया। जिससे संबोधन में व्यवधान पड़़ा और पीएम का मूड खराब हो गया। इसका नतीजा यह हुआ कि महज 27 मिनट में भी संबोधन समाप्त हो गया। 

प्रधानमंत्री जब मंच पर थे तब मंच के नीचे अचानक स्पार्किंग हुई। इस पर सुरक्षा में लगे लोग अलर्ट हो गए और फायर एक्सटिंग्यूशर से आग पर काबू पाया। कुछ देर बाद दोबारा यही हुआ। सुरक्षा में लगे अधिकारी और खुद सांसद सतीश गौतम मंच के नीचे देखने लगे और एक बार फिर से फायर एक्सटिंग्यूशर से आग पर काबू पाया। साथ ही एसपीजी अधिकारियों के इशारे पर तत्काल उस लाइन को जा रही विद्युत आपूर्ति भी बंद कराई गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक शर्मा ने बताया कि सभा से पहले मंच, चारों ओर कपड़े और नीचे कारपेट पर अग्निरोधी तरल का छिड़काव किया गया था जिससे कपड़ा आग नहीं पकड़ सका। तत्काल फायर सर्विस कर्मियों को उसे नियंत्रित कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें