अवैध शराब की बरामदगी के दौरान सुशील ने छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाब में चलाई गई गोली उसके पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। आरोपी के पास से अलग-अलग ब्रांड वाली काफी मात्रा में देसी शराब बरामद हुई।
17 मार्च की देर रात राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के समीप पुलिस की एक शराब तस्कर से मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की गोली लगने से शराब तस्कर घायल हो गया। उसकी निशानदेही पर थाना पुलिस ने काफी मात्रा में देसी शराब और 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार यादव ने बताया कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के द्वार के बगल में दीवार के किनारे दो पेटी अवैध शराब सहित सुशील उर्फ कलीला पुत्र ओमप्रकाश उर्फ बुंदा निवासी बिहारीपुर को दबोचा गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने और अवैध शराब एक सुनसान जगह पर चहारदीवारी के अंदर छिपाकर रखी है।
इस पर उसे लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पर अवैध शराब की बरामदगी के दौरान सुशील उर्फ कलीला ने छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाब में चलाई गई गोली उसके पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। आरोपी के पास से अलग-अलग ब्रांड वाली काफी मात्रा में देसी शराब बरामद हुई। उस पर थाना क्वार्सी, खैर और लोधा में नौ मुकदमे दर्ज हैं। जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद घायल को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।