अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के ओल्ड ब्वॉयज लॉज में शराब पार्टी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में एएमयू ओल्ड ब्वॉयज एसोसिएशन के महासचिव आजम मीर खान ने लंच के लिए लॉज बुक कराने वाले एडवोकेट चौधरी ताहिर बेग को नोटिस जारी करके तीन दिन में जवाब मांगा है। उधर, एएमयू के पूर्व छात्र बाबा फरीद आजाद ने आयोजक और अनुमति देने वाले खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी है।
बुधवार को लॉज में अधिवक्ताओं की पार्टी थी, जिसे एडवोकेट ताहिर बेग ने बुक कराया था। लंच के दौरान शराब पार्टी हो गई। एक कमरे में टेबल पर शराब से भरे गिलास रखे थे। जब इसकी जानकारी एएमयू के छात्रों को हुई थी, तो पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इसी बीच एसोसिएशन के महासचिव आजम मीर भी पहुंच गए।
उन्होंने सबको कमरे से बाहर करके कमरे में ताला लगा दिया। बृहस्पतिवार को उन्होंने बुकिंगकर्ता को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा है, वर्ना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएमयू के पूर्व छात्र बाबा फरीद आजाद ने ओल्ड ब्वॉयज परिसर में शराब पार्टी की निंदा की है। इस हरकत से विवि की पहचान धूमिल हुई है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कुलपति से इस प्रकरण में जांच कराने की मांग की है। बाबा फरीद ने थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। इस अवसर पर मजहर उद्दीन, मोहम्मद अदीब, सलमान, इमरान आदि मौजूद रहे।