आंबेडकर पार्क के बाहर धरने पर बैठे ऋषि शर्मा के पिता राम प्रकाश शर्मा, मां कैलाशी।
- फोटो : CITY OFFICE
जवां की पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेनू शर्मा की मौत की सीबीआई जांच की मांग का मुद्दा उठाते हुए बुधवार देर शाम शराब माफिया ऋषि शर्मा व अनिल चौधरी के माता-पिता आंबेडकर पार्क के बाहर धरने पर बैठ गए। हालांकि कुछ देर के प्रयास व समझाने के बाद अनिल चौधरी के माता पिता धरने से उठ गए। देर रात समाचार लिखे जाने तक ऋषि के माता-पिता परिवार के कुछ सदस्यों संग वहां बैठे थे।
शुक्रवार रात रेनू की मौत के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम केंद्र पर हंगामा और मंगलवार को दीवानी में पेशी पर आए ऋषि द्वारा मौत की साजिश का आरोप उछाला गया है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम ऋषि के माता पिता रामप्रकाश व कैलाशी देवी और दूसरे शराब माफिया अनिल चौधरी के माता-पिता करण सिंह व सुखपाली आंबेडकर पार्क पहुंचे। इस दौरान पार्क पर ताला लगा था, इसलिए वे पार्क के बाहर चबूतरे पर ही धरने पर बैठ गए। इन लोगों ने घटना की सीबीआई जांच की मांग रखी। इस खबर पर सीओ तृतीय व एसीएम आदि पहुंच गए। काफी प्रयास व समझाने के बाद वहां से अनिल के माता-पिता हट गए। जिन्हें बाद में गोंडा भेज दिया गया। मगर ऋषि के माता-पिता परिवार के तीन-चार सदस्य बैठे रहे। जहां सपा नेता काशिफ आब्दी भी उनके समर्थन में पहुंच गए। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से देर रात पुलिस भी लगा दी गई थी। इस धरने पर रामप्रकाश व कैलाशी देवी अपनी बहू रेनू की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। ऋषि के माता पिता का कहना है कि मांग माने जाने तक वे बैठे रहेंगे।