कोल तहसील में पैतृक भूमि के अंश निर्धारण, पैमाइश और सीमांकन के नाम पर लेखपाल पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगा है। सराय मान सिंह निवासी अशोक कुमार ने डीएम और भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत कर जांच व कार्रवाई की मांग की है। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गुरसिकरन और नगला कूतिया में उनकी पैतृक भूमि है। अंश निर्धारण और पैमाइश की रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपाल ने 10 हजार रुपये लिए, लेकिन काम नहीं किया। शिकायतकर्ता ने रिश्वत संबंधी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा भी किया है। उनका कहना है कि जांच अधिकारी के मांगने पर ऑडियो उपलब्ध कराई जाएगी।
शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि विपक्षी पक्ष के 17 सितंबर को वाद दाखिल करने के बाद 21 सितंबर को ही लेखपाल ने रिपोर्ट क्यों लगाई। रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों की भी जांच की मांग की गई है।
उधर, लेखपाल श्वेत निशा ने रिश्वत लेने के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें कोई पैसा नहीं दिया गया। अंश निर्धारण संबंधी प्रार्थनापत्र की जांच के बाद रिपोर्ट लगा दी गई है। जांच में अंश निर्धारण संभव नहीं पाया गया। संबंधित आवेदक न्यायालय में अपनी पैरवी कर सकता है। एसडीएम कोल गजेंद्र सिंह के मुताबिक इस मामले में जांच के निर्देश मिलने के बाद प्रकरण की जांच की जा रही है।