अलीगढ़। महानगर के अतिसंवेदनशील खटीकान-सराय मियां-कैलाश गली इलाके में हुए सांप्रदायिक उपद्रव के बाद अब हालात जैसे-जैसे सामान्य होने लगे हैं। उसी तरह पुलिस प्रशासन भी सख्ती के मूड में आ गया है। अब इस इलाके में धारा 144 का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। नेताओं को भी बेवजह नहीं जाने दिया जाएगा।
कल तक तो उठावनी के चलते वहां जाने में रोकटोक नहीं की गई थी। इसी क्रम में रविवार को साध्वी प्राची को रोका जाना तय किया गया था। इसके अलावा आज रविवार रात से ही बलवे के आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए जाएंगे। किसी को माहौल बिगाडने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस संबंध में एसएसपी जे रविंदर गौड़ ने बताया कि दोनों ओर से मुकदमे दर्ज हैं। साथ में पुलिस की आेर से भी मुकदमा दर्ज है। इन मुकदमों में आज रात से ही घटनास्थल पर फोटो के आधार पर गिरफ्तारी शुरू कराई जा रही है। किसी को रियायत नहीं दी जाएगी। अगर किसी ने गिरफ्तारी के समय माहौल बिगाडने की कोशिश की तो उससे भी सख्ती से निपटा जाएगा।
हत्या के आरोपियों को लगातार तलाशा जा रहा है। सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीमें दबिश दे रही हैं। सियासी लोगों के पहुंचने के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि किसी को माहौल बिगाडने वाली बयानबाजी करने की अनुमति नहीं है। इलाका और शहर अमन की ओर पटरी पर लौट रहा है।
कल तक नेताओं ने वहां पहुंचकर जो भी बयानबाजी की है। उन्हें वहां उठावनी के चलते जाने की अनुमति दी गई। मगर अब सोमवार से खटीकान या सराय मियां में किसी को नहीं जाने दिया जाएगा। उन्हें जाने से रोका जाएगा। नहीं माने तो फिर गिरफ्तारी की जाएगी।