राज्य सभा में राणा संगा पर टिप्पणी करने पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ लोगों में रोष है। गभाना के वकीलों ने सपा सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया। वकीलों ने सपा सांसद की राज्य सभा सदस्यता रद्द करने की मांग की।
सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा पर की गई अशोभनीय टिप्पणी को लेकर लोगों में रोष है। 27 मार्च को गभाना तहसील में वकीलों ने राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। वकीलों ने कहा कि उनके बयान से क्षत्रिय समाज में आक्रोश है।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान क्षत्रिय समाज ने सांसद से माफी मांगने की मांग की। सांसद की सदस्यता समाप्त किए जाने की मांग की। वकीलों ने कहा कि अपमानजनक टिप्पणी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस टिप्पणी से देशभर के क्षत्रिय समाज में रोष है। इस तरह के बयान सपा व उनके नेताओं की मानसिकता को दर्शाते हैं।
वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो क्षत्रिय समाज के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। विरोध जताने वालों में विनेश कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, हिम्मत सिंह, चित्रवीर सिंह, प्रदीप कुमार, देशवीर सिंह, सुधीर कुमार, निदा वारिसी, महेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।