तहसील पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता
- फोटो : samvad
अधिवक्ताओं ने तहसील में राजस्व न्यायालयों की मनमानी के विरोध में प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि शनिवार तक न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। तहसील बार एसोसियेशन की बैठक में आरोप लगाया गया कि एसडीएम प्रशासन, एसडीएम न्यायिक, तहसीलदार, नायब तहसीलदार गोरई के न्यायालयों में प्राइवेट कर्मचारियों द्वारा कार्य करने, वादों में सुनवाई करने के बाद आदेश पारित नहीं किए जाते हैं।
इसके अलावा न्यायालयों में अविवादित पत्रावलियों को समय से निस्तारण न करने, रजिस्ट्रार कानूनगो के पास लंबित संशोधन प्रार्थनापत्रों का निस्तारण न करने, कंप्यूटर प्रभारी द्वारा समय से फीडिंग न करने तथा पेशकार व अहलमद व रीडर की पोस्टिंग करने जैसे मुद्दों को लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की।
विरोध प्रस्ताव की प्रति राजस्व परिषद, राजस्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार व कमिश्नर को भेजी गई हैं। बार के अध्यक्ष विजय कुमार वर्मा व सचिव श्याम सिंह ठेनुआं का कहना है कि सोमवार को एसोसियेशन की बैठक होगी, जिसमें अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर पुन: विचार विमर्श कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी।