आशीष श्रीवास्तव, अलीगढ़।
- गभाना की ग्राम पंचायत खेड़िया हैबत खां में 80 लाख की जमीनों के पट्टों में खेल
- मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद डीएम ने लगाई आवंटन पर रोक, जांच शुरू
भूमिहीन, खेतिहर श्रमिक, पूर्व सैनिक के आश्रित एवं जंग में दिव्यांग सैनिकों को मिलने वाले कृषि पट्टे के आवंटन में खेल हो गया। गभाना की ग्राम पंचायत खेड़िया हैबत खां में तहसील स्तरीय अफसरों की मिलीभगत से सितंबर 2019 में राजस्व कर्मियों ने 34 अपात्रों को कृषि पट्टे दे दिए। इनमें ओमान में नौकरी करने वाले उदयवीर की पत्नी राजकुमारी के नाम से भी पट्टा कर दिया गया। करीब 80 लाख के इस मामले की मुख्यमंत्री से शिकायत हुई तो डीएम ने पट्टों के आवंटन पर रोक लगा दी। मामले की जांच के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम गभाना अनीता यादव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री को भेजी गई कारण सहित अपात्रों की सूची
रेखा देवी-पति की दिल्ली में नौकरी, रानी देवी - ससुर को स्वास्थ्य विभाग से पेंशन, सोनम -पति का दिल्ली में खुद का व्यवसाय, लक्ष्मी- पति का दिल्ली में काम व वहीं पर निवास, नितिन चौहान- गुरुग्राम में नौकरी, शीतल- आर्थिक स्थिति सुदृढ़, गभाना में मकान, नीरज- बैंक में नौकरी, पार्वती-पति की गुजरात में नौकरी, मंजू देवी-पति के बाबा के पास 40 बीघा भूमि, राजकुमारी - पति उदयवीर की ओमान में नौकरी, विमलेश-पति अध्यापक, राजकुमारी-पति मुंबई में कार्यरत व वहीं बसे, संतोषी देवीे-बेटा दिल्ली में नौकरी करता है, कुं ती- बेटा एलएमसी सदस्य, प्रीति -गाजियाबाद में पति नौकरी करता है, रमा- पति की गुरुग्राम में नौकरी, योगेश-दिल्ली में नौकरी, अनीता रानी-पति की अलीगढ़ के अस्पताल में नौकरी, रीमा-ससुर के पास 3.311 हेक्टेयर भूमि, सर्वेश-ससुर के पास जमीन, नीरु-ससुर के पास जमीन, ज्योति-ससुर के पास जमीन, नीतेश-पति आईटीआई में अध्ययनरत, ममता चौहान-अपना व्यवसाय, अलीगढ़ में मकान, राजबाला-पति की नोएडा में नौकरी, मनु-पति की गुड़गांव में नौकरी, संगमा देवी-पति की दादरी में नौकरी, सुंदर-गुरुग्राम में नौकरी, मनोरमा-पति की गुरुग्राम में नौकरी, अंकित-गुरुग्राम में नौकरी, मीना-पति होमगार्ड, एकता रानी-पति की गुरुग्राम में नौकरी।
इन ग्रामीणों ने की है शिकायत
गांव के प्रेमपाल शर्मा, राकेश, नौरंगीलाल शर्मा, नरेंद्र शर्मा।
ग्राम पंचायत खेड़िया हैबत खां में कृषि पट्टों के अपात्र लोगों को आवंटन की जानकारी पर डीएम ने आवंटन पर रोक लगा दी है। एसडीएम गभाना के नेतृत्व में जांच बैठा दी गई है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
कृष्णलाल तिवारी, एडीएम प्रशासन