नगर के स्टेशन रोड स्थित पीसीएफ केंद्र में सोमवार रात ताला तोड़कर चोर गल्ले में रखे 1.94 लाख रुपये चुरा ले गए। केंद्र प्रभारी विनय कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर दे दी है। उन्होंने बताया कि सोमवार को उन्होंने यूरिया का वितरण किया था। वितरण केंद्र पर मौजूद किसानों को वापस न लौटना पड़े, इसलिए उन्होंने देर शाम 7.30 बजे तक खाद का वितरण किया।
इसके बाद हिसाब का मिलान करते और अन्य कागजातों को पूरा करने में उन्हें रात के 10 बज गए। रात होने के कारण वह 1.94 लाख रुपये की नकदी मेज की दराज में रखकर ताला लगाकर चले गए। देर रात चोरों ने कमरा और मेज का ताला तोड़कर रकम पार कर दी। सुबह होने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर एआरएम कोऑपरेटिव व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। संवाद