कमरे में अलमारी के पास बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : samvad
कस्बे में मथुरा रोड स्थित रोशन पुष्पधाम कॉलोनी में सैन्यकर्मी (सीआरपीएफ जवान) के घर से लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात के साथ सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
मेंहदौरा निवासी पंकज पचौरी सीआरपीएफ में तैनात हैं। पुलिस को उन्होंने बताया है कि उनका परिवार कॉलोनी स्थित मकान में रहता है। शनिवार को वह नई कार के पूजन के लिए परिवार सहित ससुराल मुरसान के लुहेटा गांव गए थे। घर में कोई नहीं था। रविवार सुबह पड़ोसियों व दूधिया ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर देखा कि अंदर के गेट का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में रखे नकद करीब 90 हजार रुपये नकद, सोने का हार, अंगूठी, चैन, मंगलसूत्र, झुमकी, टीका, चूड़ियां तथा चांदी के अन्य आभूषण गायब थे। साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब मिला। पीड़ित के अनुसार चोरी में लगभग 10 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। कोतवाल अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।