महानगर के देहली गेट गोंडा रोड इलाके की ऐलाना मीट फैक्टरी में मंगलवार सुबह-सुबह लेबर की ठेकेदारी करने वाले युवक को रंगदारी न देने के विवाद में गोली मार दी गई।
हमलावरों ने ठेकेदार को कमरे से सोकर निकलते समय ही घेर लिया और बात न मानने का खामियाजा भुगतने की धमकी देते हुए गोली मारकर भाग गए। इस दौरान दहशत फैलाने के इरादे से कई हवाई फायर भी किए। इससे वहां भगदड़ मच गई। आनन-फानन घायल को क्वार्सी के ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां देर रात तक इलाज जारी था।
मूल रूप से बरला के गांव अरनी निवासी सगे भाई आरिफ व इरफान परिवार के साथ जीवनगढ़ में रहते हैं और ऐलाना मीट फैक्टरी में लेबर की ठेकेदारी करते हैं। यहां ठेका आरिफ के नाम से है। काम के चलते फैक्टरी कैंपस में बने आवासीय परिसर में ही एक भाई रात को रुकता है। सोमवार रात छोटा भाई इरफान वहां रुका था। सुबह छह बजे नींद खुलने पर वह कमरे से बाहर आया। तभी उसे वहां पहले से इरफान को खोज रहे आरोपी राशिद व उसके साथियों ने घेर लिया और धमकाते हुए उस पर तमंचे से फायर कर दिया।
गोली उसके सीने में लगी और हमलावर मौजूद लोगों को धमकाते हुए हवाई फायरिंग कर भाग गए। मौके पर भीड़ जमा हो गई और खबर पर आरिफ व अन्य परिजन भी पहुंच गए। आनन-फानन उसे नर्सिंग होम लाया गया। खबर पर देहली गेट पुलिस पहले घटनास्थल और बाद में नर्सिंग होम पहुंची। जहां पूछताछ में बताया कि जलाली हरदुआगंज का राशिद भी वहां पहले से ठेकेदारी करता है। मगर अब उस पर कोई काम नहीं, बल्कि काम करने वालों से रंगदारी वसूलता है।
अब तक पांच-पांच हजार रुपये ठेकेदार उसे देते थे। मगर अब वह 25 हजार रुपये मांगने लगा। इसी बात पर दो दिन पहले विवाद हुआ था। उस समय हमने रुपये देने से इनकार कर दिया था। उसी दिन राशिद ने परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। एसओ देहली गेट के अनुसार राशिद आदि पर मुकदमा दर्ज किया गया है। राशिद का आपराधिक रिकार्ड भी बताया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।