अलीगढ़ के मडराक क्षेत्र के गांव हसनपुर में झोंपड़ी में सो रहे मजदूर की गलादबाकर और सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह खेतों पर गए परिजनों व अन्य गांव वालों ने शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। खबर पाकर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। देर रात समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारणों को लेकर परिवार भी अंजान था और अज्ञात कारणों का उल्लेख करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है। हसनपुर निवासी राजकुमार (33) पुत्र भगवान दास निवासी मडराक दूध व मट्ठा बेचने का काम करता था। परिजनों के अनुसार राजकुमार सोमवार रात को हर रोज की तरह खेत में बनी झोपड़ी में सो रहा था। रात के समय किसी अज्ञात हमलावर ने उसकी हत्या कर दी।
सुबह जब परिजन पहुंचे तो उसका शव पड़ा मिला। देखने से ही साफ लग रहा था कि उसका गला दबाया गया है और सिर कुचला गया है। पिता भगवान दास ने बताया कि बेटे या परिवार से किसी प्रकार की कोई रंजिश नहीं थी। पता नहीं किसी ने उसकी हत्या क्यों की। थाना पुलिस को तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर मडराक के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजकुमार का गला दबाने और सिर में ईंट मारने की बात सामने आई है। अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक कारण स्पष्ट नहीं है। जांच में पता चला है कि उसका अपनी पत्नी से कई साल पहले तलाक हो गया और पत्नी ने भी दूसरी जगह घर बसा लिया है। फिलहाल कारणों को लेकर कुछ भी कहना संभव नहीं है। उसके चारित्रिक मसले की जांच भी की जा रही है।