मजदूर अजयपाल सिंह दुकान पर प्लास्टर के लिए पाड़ बांध रहे थे। पाड़ बांधते समय लोहे का पाइप अचानक से ऊपर से होकर गुजर रही हाई टेंशन लाइन से टकरा गया। जिससे पाइप में करंट आ गया। करंट आने से अजयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
दादों में गांव सांकरा के मजरा नगला सड़क में दुकान पर प्लास्टर करने के लिए पाड़ बांधते समय लोहे का पाइप ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन को छू गया। इससे लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो उठा। इससे चिपककर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
गांव नगला सड़क निवासी अजयपाल सिंह (38) पुत्र सुखबीर सिंह रविवार को गांव निवासी शिव कुमार की दुकान पर प्लास्टर करने के लिए पाड़ बांध रहे थे। पाड़ बांधते समय सुबह करीब नौ बजे लोहे का पाइप अचानक से ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन को छू गया। इससे लोहे के पाइप में हाईटेंशन लाइन का करंट प्रवाहित हो उठा।
विज्ञापन
पाइप को पकड़े अजयपाल सिंह और शिवकुमार करंट से चिपककर तड़पने लगे। यह देखते ही वहां हड़कंप मच गया। लोगों का कहना है कि आपूर्ति बंद करने के लिए तत्काल ही बिजली घर में कॉल की गई, लेकिन वहां कॉल रिसीव नहीं हुई। इसी बीच ग्रामीणों ने डंडों की मदद से दोनों को किसी तरह लोहे के पाइप से छुड़ाया। हालांकि तब तक अजयपाल सिंह की मौत हो चुकी थी। सूचना पर सांकरा चौकी पुलिस भी पहुंच गई थी।
गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को तत्काल छर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां से प्राथमिक उपचार के साथ जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मजदूर की मौत से उसकी पत्नी, तीन बेटियों और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं जेई जयकृष्णा का कहना है कि बिजली घर में आपूर्ति बंद करने जैसी कोई सूचना नहीं आई।