अलीगढ़ रोड पर स्थित ग्राम सहारा कलां निवासी एक मजदूर की सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
11 जून को सहारा कलां निवासी पवन कुमार पुत्र रोशनलाल (30) देर शाम आठ बजे सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
रात्रि मेंं 11 बजे उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाने के दौरान युवक की मौत हो गई। इस घटना के संबंध में मृतक के भाई ओंकार सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर कोतवाली पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया। कोतवाल देवेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों द्वारा तहरीर दिये जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।