फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ में पंजाब के नशे के कारोबार को सामने लाया गया तो पूरे देश में हलचल मच गई। संभवत: इसीलिए प्रदेश सरकार ने भी प्रतिबंधित टिंचर, नींद और नशीली दवाओं की टेबलेट और कैप्सूल बेचने वालों पर शिकंजा कस दिया है।
इसी सिलसिले में अलीगढ़ में नशे के कारोबार पर सोमवार दोपहर सख्त कार्रवाई हुई। शासन के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि विभाग के चार जनपदों के ड्रग इंस्पेक्टरों की मंडलीय टीम ने महानगर में प्रतिबंधित कुट्टू ‘टाडमम टिंचर’ एवं नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल एवं गोलियों की तलाश में छापे मारे। जिसमें सफलता मिली और सराय हकीम एवं बारहद्वारी क्षेत्र में तीन मेडिकल की दुकानें सील कर दी गई। इनमें कुट्टू मिलने की शिकायत थी।
टीम के आने की सूचना पर दुकानदार धड़ाधड़ दुकान का शटर गिरा कर भाग गए। चेकिंग में नौरंगाबाद चौराहा स्थित दुकान में प्रतिबंधित कुट्टू की दो शीशियां बरामद हुई तो एक अन्य दुकान पर नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां पाई गई।
शासन को प्रदेश के कुछ जनपदों में प्रतिबंधित कुट्टू एवं नशीली दवाओं के बिकने की शिकायतें लगातार मिल रही थी। पिछले दिनों हुई बैठक में इन जनपदों में खाद्य एवं औषधि विभाग को छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अनुपालन में एफडीआई की अलीगढ़, हाथरस, एटा व कासगंज की मंडलीय टीम ने डीआईजी एफडीए डीपी श्रीवास्तव एवं सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देशन में सोमवार को जनपद के चिन्हित बाजारों में छापे मारे।
इस दौरान सराय हकीम के पूजा मेडिकल, बारहद्वारी के एसबी मेडिकल एवं वर्मा मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। लेकिन छापे की खबर लीक होने से तीनों दुकानदार दुकान बंद कर भाग गए। टीम ने तीनों मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया। इसी क्रम में बारहद्वारी के समय मेडिकल, मसूदाबाद बस अड्डे के समीप शिव ड्रग स्टोर से भी दवाओं के नमूने लिये गए।
असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग आरपी पांडेय ने बताया कि नौरंगाबाद चौराहे पर कृष्णा मेडिकल से प्रतिबंधित कुट्टू की दो शीशियां बरामद हुई। एक अन्य दुकान से नींद और नशे में प्रयुक्त होने वाली प्रतिबंधित एलप्रोक्स दवा भी मिली। नौरंगाबाद के न्यू श्री सांई मेडिकल एवं राहुल मेडिकल को भी चेक किया गया। डीआईजी एफडीए डीपी श्रीवास्तव ने बताया कि कुट्टू के खिलाफ अभियान जारी है। एकत्र किये गए नमूनों की जांच की जा रही है।