अलीगढ़ में अकराबाद के गांव शाहगढ़ निवासी एक ईंट भट्ठा मजदूर का शव गांव के बाहर नाले में पड़ा मिला। मृतक के पुत्र ने चेहरे पर चोट के निशान बताकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। सीओ बरला गर्वित सिंह ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। तहरीर के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव शाहगढ़ निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता राजपाल (55) के साथ बरला के पास एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। 16 नवंबर की शाम उनके पिता ने ईंट भट्ठे के मुनीम से दो हजार रुपये लेकर घर आए थे। इसके बाद रात करीब नौ बजे गांव के बाहर मरघट के पास स्थित मढ़ी मंदिर की ओर घूमने की बात कहकर निकले, फिर नहीं लौटे।
17 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे मढ़ी मंदिर और मरघट के बीच नाले में उनके पिता का शव पड़े होने की खबर मिली। इस पर परिजन वहां पहुंचे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। सुनील कुमार ने बताया कि उनके पिता के चेहरे पर चोट के निशान थे। आशंका जताई कि किसी ने पहले उनके पिता को शराब पिलाई और फिर हत्या कर शव नाले में फेंक दिया।
थाना अकराबाद अंतर्गत कोडियागंज चौकी के शाहगढ़ गांव में 17 नवंबर को एक शव के मिलने की सूचना मिल। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शव राजपाल पुत्र जयसिंह निवासी शाहगढ़ का है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।-गर्वित सिंह, सीओ, बरला