पुरदिलनगर में शुक्रवार की रात पशुचोरों ने एक गाय को चुरा कर कस्बे के बाहर स्थित एक कट्टीघर में ले जाकर काट डाला। इसी बीच खोजबीन करते हुए लोग वहां पहुंचे तो आरोपी कुल्हाड़ी, छुरे आदि छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शनिवार सुबह खबर मिलने पर बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग कोतवाली आ गए। गाय मालिक ने तीन नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
कस्बे के मोहल्ला पथवारी गेट निवासी भुवनेश शर्मा पुत्र शेषचंद्र शर्मा की गाय शुक्रवार रात उनके टीन शेड से गायब हो गई थी। रात में ही उन्होंने अन्य लोगों के साथ गाय की तलाश शुरू कर दी। जलेसर रोड के कट्टीघर के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गाय को छह लोग कुल्हाड़ी से काट रहे हैं। टार्च की रोशनी में तीन लोगों को पहचान कर आवाज दी गई तो वे भाग खड़े हुए। पास जाकर देखा तो गाय मर चुकी थी। घटनास्थल पर कुल्हाड़ी और छुरे पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात में ही गाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आसपास के थानों की पुलिस और पीएसी भी मौके पर पहुंच गई। भुवनेश ने कस्बावासी बंटी पुत्र इब्ने हसन, बंटी पुत्र बब्बू मामू, चाहत पुत्र सूखे एवं तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुबह भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश चौहान, कुंवर नितिन पुंढीर, विपिन वार्ष्णेय, जयपाल सिंह चौहान, पंकज गुप्ता, विपिन लाल, अमन गुप्ता, कमल वार्ष्णेय, अनिल महाजन समेत आक्रोशित भीड़ कोतवाली पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने कोतवाली आकर हालात का जायजा लिया। कोतवाल मनोज शर्मा ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।