जवां क्षेत्र में कासिमपुर स्थित सीमेंट फैक्टरी से बृहस्पतिवार शाम स्कार्पियो सवार कुछ लोग खुद को कासगंज पुलिस बताकर युवती के अपहरण के आरोपी ट्रक चालक को अगवा कर ले गए। जब अपहरण की खबर पुलिस को मिली तो जिले भर में चेकिंग कराई गई। इस दौरान छर्रा पुलिस ने स्कार्पियो सवारों को अगवा ट्रक चालक सहित दबोच लिया। इस मामले में पुलिस देर रात मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी थी।
शाम करीब 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को यह खबर मिली कि सीमेंट फैक्टरी से कासगंज की दुर्गा कालोनी के रहने वाले ट्रक चालक कायम सिंह को लाल रंग की स्कार्पियो में सवार कुछ लोग अगवा कर ले गए हैं। जब लोगों ने उनकी इस हरकत का विरोध किया तो उन्होंने खुद को कासगंज पुलिस से होना बताया। इस सूचना पर तत्काल पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जिले में चेकिंग अभियान शुरू कराया। देर शाम छर्रा पुलिस ने कासगंज रोड पर चेकिंग के दौरान लाल रंग की स्कार्पियो को रोका तो उसमें कायम सिंह के साथ-साथ अपहरण के आरोपी कासगंज की दुर्गा कालोनी के ही राहुल, विजय वर्मा, विकास वर्मा, अमर सिंह मिल गए। पुलिस इन चारों व कायम सिंह को लेकर जवां थाने पहुंची। जहां देर रात जांच में पता चला कि कायम सिंह पर उनके परिवार की युवती के अपहरण का आरोप है, जिसका मुकदमा कासगंज में दर्ज है।
उसी मुकदमे में गिरफ्तारी के लिए यह लोग कायम को पकड़कर ले जा रहे थे। मगर इसमें न तो उन्होंने पुलिस की मदद ली और न कासगंज पुलिस को ही बताया। सीओ तृतीय अनिल समानिया के अनुसार इन लोगों ने चूंकि कानून तोड़ा है और अपहरण किया है। इसलिए चारों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी कार्रवाई की जा रही है।