कोतवाली क्षेत्र के कस्बा में स्थित सोमना बाईपास स्थित सीबी पब्लिक स्कूल से छुट्टी के बाद लौट रहे दो बच्चों को सोमना रोड से बाइक सवार एक युवक बिठा ले गया। बच्चों के लापता होने की सूचना पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई लेकिन उनका पता नहीं चल सका। हालांकि, देर शाम आरोपी दोनों बच्चों को गोंडा गोरई मार्ग के गोरई क्षेत्र में सड़क निकारे छोड़कर भाग गया। सूचना पर पुलिस ने बच्चों को बरामद कर दिया।
कोतवाली के गांव कुंवरपुर निवासी हरेंद्र चौधरी के पुत्र राजू चौधरी के दो बेटे हैं। एक की उम्र पांच वर्ष व दूसरे की साढ़े तीन वर्ष है। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में सोमना रोड के समीप एक बाइक सवार उन्हें बिठाकर ले गया। बच्चों के बाबा ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना पर खैर पुलिस बच्चों की तलाश में जुट गई।
शाम ढलते ही दोनों बच्चों को बाइक सवार सड़क किनारे छोड़ गया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों का ध्यान उधर गया। उनके गलेे में स्कूल के आई कार्ड को देख प्रधानाचार्य को फोन किया। प्रधानाचार्य ने बच्चों के परिजनों को सूचना दी। बुधवार की देर रात कोतवाली पुलिस गोरई पहुंची और बच्चों को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि दोनों बच्चों को उनके परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस बाइक सवार की तलाश में जुटी है।