अलीगढ़ में शनिवार को तलाक लेने के लिए तहसील पहुंचे पति-पत्नी की आपस में गुत्थमगुत्था हो गई। पत्नी ने अपनी मां के साथ मिलकर पति की चप्पलों से पिटाई कर दी। यह देखकर वकीलों ने हस्तक्षेप किया तब जाकर मामला शांत हुआ। बाद में सहमति से दोनों के बीच कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाक हो गया।
कस्बा निवासी युवती की साल भर पहले बल्लभगढ़ निवासी एक युवक से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उनमें विवाद था। छह माह से युवती अपने मायके में रह रही थी। कुछ लोगों ने कई बार समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन लड़का पक्ष किसी भी दशा में युवती को रखने के लिए राजी नहीं था।
इसपर दोनों पक्षों में तलाक की सहमति बन गई। शनिवार को दोनों पक्ष परिवार के सदस्यों के साथ तहसील पहुंचे थे। एक वकील के बस्ते पर कागजात तैयार हो रहे थे तभी पति-पत्नी में कहासुनी शुरू हो गई।
अचानक आक्रोशित पत्नी ने चप्पल उठाकर पति को पीटना शुरू कर दिया। उसकी मां भी चप्पल उतारकर दामाद की पिटाई में जुट गई। इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। तमाम वकील जमा हो गए और दोनों को डांट डपटकर शांत कराया।