एमडी ने अर्बन सिस्टम की प्रगति, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और उपभोक्ता संतुष्टि पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कामकाज में पारदर्शिता लानी होगी।
कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी लि. कानपुर ( केस्को ) के प्रबंध निदेशक सैमुअल पॅाल एन ने 27 अप्रैल को अलीगढ़ शहर में बिजली व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। अलीगढ़ शहर में अर्बन री-स्ट्रक्चरिंग ( वर्टिकल व्यवस्था ) के तहत चल रही व्यवस्थाओं को देखा। विद्युत नगरीय वितरण मंडल के लाल डिग्गी स्थित हेल्प डेस्क का भी जायजा लिया।
विज्ञापन
यहां उन्होंने उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर और बिलिंग से जुड़ी शिकायतें सामने रखीं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। एमडी ने विशेष रूप से 1912 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण प्रणाली को और मजबूत किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार भटकना न पड़े।
समीक्षा बैठक में एमडी ने अर्बन सिस्टम की प्रगति, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और उपभोक्ता संतुष्टि पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कामकाज में पारदर्शिता लानी होगी। एमडी का यह दौरा शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। मुख्य अभियंता ( वितरण ) अरविंद नायक, अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव, उमेश चंद्र, राहुल बाबू मौजूद रहे।