पूर्ति विभाग की ओर से मार्च में अंत्योदय कार्ड धारकों को मिट्टी के तेल का वितरण किया जाएगा। हालांकि, इसमें यह शर्त रखी गई है कि वितरण का लाभ सिर्फ उन्हीं कार्ड धारकों को मिलेगा, जिनके पास बिजली या गैस का कनेक्शन नहीं है। अगर, यह दोनों कनेक्शन किसी कार्ड धारक के पास पाए जाते हैं, तो उसको वितरण लाभ से दूर रखा जाएगा। डीएसओ राजेश कुमार सोनी ने इसके लिए सभी सप्लाई इंस्पेक्टरों को सर्वे करने के आदेश भी जारी किए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि 2020 में वितरण के लिए आए मिट्टी के तेल में से 24 हजार लीटर रिजर्व में रखा है। उस समय सर्वे कराया गया था, जिसमें 96 फीसदी अंत्योदय कार्ड धारकों के पास गैस व बिजली कनेक्शन पाया गया था। इसके चलते वितरण पर रोक लगा दी थी। नियमानुसार प्रत्येक कार्ड धारक को तीन लीटर मिट्टी का तेल दिया जाएगा। इसके लिए उनका सर्वे किया जा रहा है। जिन कार्ड धारकों के पास गैस या बिजली में से कोई एक भी कनेक्शन नहीं पाया जाएगा, उनको इसका लाभ मिलेगा। पांच मार्च से वितरण प्रारंभ होगा।