चंडौस कस्बे में का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय।
- फोटो : samvad
कस्बे में कोतवाली के सामने कस्तूरबा आवासीय बालिका इंटर कॉलेज का भवन बनकर तैयार हो गया है। शैक्षिक शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए अप्रैल माह से यहां पढ़ाई शुरू हो जाएगी। कक्षा नौ और 11वीं में प्रवेश लिए जाएंगे।
चार करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बने इस आवासीय विद्यालय में एक अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। विद्यालय में एकेडमी भवन के साथ हॉस्टल की सुविधा है। हॉस्टल में रहकर छात्राएं पढ़ाई कर सकेंगी। नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. डीएस भारती ने बताया कि भवन निर्माण सहित रंगाई-पुताई आदि का काम पूरा हो चुका है। गरीब परिवार की छात्राओं को आठवीं कक्षा के बाद इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई आसान हो जाएगी।
बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि आवासीय बालिका विद्यालय में स्टाफ जल्द ही नियुक्त कर दिया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली गई है। एक अप्रैल से छात्राओं के प्रवेश के साथ पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी।