कस्बे में चार करोड़ 17 लाख रुपये से बना कस्तूरबा बालिका आवासीय इंटर कॉलेज करीब छह माह पहले तैयार होने के बावजूद शुरू नहीं हो सका है। कोतवाली के सामने स्थित इस विद्यालय का भवन, शैक्षणिक ब्लॉक और छात्रावास पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन अभी तक न तो ताला खुला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक अप्रैल से विद्यालय संचालित होने और कक्षा नौ व 11 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन अप्रैल बीत गया और अब जुलाई भी समाप्ति की ओर है। इसके बावजूद न छात्राओं का नामांकन हुआ है और न ही शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भवन कार्यदायी संस्था द्वारा संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। इसके बावजूद संचालन शुरू न होने से क्षेत्र की छात्राओं को आवासीय शिक्षा की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। चंडौस नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. डीएस भारती ने कहा कि जब विद्यालय पूरी तरह तैयार है तो विभाग को तत्काल इसे संचालित करना चाहिए।
- विद्यालय संचालित करने के लिए स्टाफ चयन के लिए 20 जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कक्षाएं संचालित की जाएंगी। - जितेंद्र कुमार, एबीएसए, चंडौस।