अलीगढ़ (ब्यूरो)। कासिमपुर पॉवर हाउस में 600 करोड़ की लागत से 660 मेगावाट की नई यूनिटों को स्थापित करने का काम तेज गति से पूरा हो रहा है। जापानी कंपनी तोशीबा चार महीने से ये काम कर रही है, जिसे बाकी बचे हुए 44 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। वर्तमान में यहां पर पहले से स्थापित तीन यूनिटों में 600 मेगावाट का पूर्ण क्षमता उत्पादन हो रहा है। जिसमें 250 मेगावाट की दो और 100 मेगावाट की एक यूनिट कार्य कर रही है।
यहां से स्थानांतरित होकर शक्ति भवन लखनऊ में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन के पद पर पहुंचे महाप्रबंधक विद्या सागर तिवारी ने बताया कि इस पॉवर हाउस से उनका गहरा नाता है, अब यूपी के सभी पॉवर हाउसों को आत्याधुनिक बनाना ही उनका लक्ष्य है।
निदेशक ने बताया कि नई यूनिटों के बनने के बाद पॉवर हाउस की कुल बिजली उत्पादन क्षमता 1260 मेगावाट हो जाएगी जिससे प्रदेश को बिजली की बेहतर आपूर्ति देने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इसी बजट में दस मंजिला इमारतों के दो टॉवर बनेंगे जिसमें कुल 80 फ्लैट होंगे। यहां अधिकारियों के रहने का इंतजाम होगा। पूरी कालोनी को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। स्कूल, कालेज और अस्पताल का सौंदर्यीकरण कर उन्हें आधुनिक रूप दिया जाएगा। इमारतों के निर्माण के लिए बिड नवंबर महीने के अंत तक जारी हो जाएगी। निर्माण कार्य को बेहतर रखने के लिए नामी कंपनियों को ही प्राथमिकता दी जा रही है, जिसमें एलएंडटी जैसी बड़ी कंपनियों से बात हो रही है।
मॉडल बनेगी कासिमपुर परियोजना: विद्यासागर अलीगढ़। कासिमपुर पॉवर हाउस के महाप्रबंधक से निदेशक के पद पर पदोन्नत हुए विद्यासागर तिवारी को शनिवार को ब्रिलिएंट पब्लिक कैंपस स्कूल कासिमपुर में भावभीनी विदाई दी गई। नवागत जीएम रवींद्र कुमार वाही का स्वागत भी हुआ। निदेशक वीएस तिवारी ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि कासिमपुर परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए मॉडल बने। नवागत जीएम ने स्कूल को सीनियर सेकेंडरी तक की मान्यता दिलवाने में मदद का आश्वासन दिया। स्कूल के निदेशक श्याम कुन्तैल ने कहा कि परियोजना प्रबंधन की मदद से विद्यालय ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। इस मौके पर पब्लिक स्कूल वेलफेयर एसो के अध्यक्ष वाईएम झा, पूर्व तहसीलदार चंद्रपाल सिंह, विद्यालय प्रबंधक रामवीर सिंह, अनुराग चौधरी, प्रधानाचार्य कृति शर्मा, रजनी चौधरी, एक्सईएन एससी बरार, नवीन निश्चल, अबूजर आदि उपस्थित रहे।