गर्मी की छुट्टियों को लेकर इस बार जिले से बाहर घूमने जाने वालों की पहली पसंद देश में कश्मीर और विदेश में बैंकॉक है। वैष्णों देवी, खाटू श्याम, बालाजी, उत्तराखंड, मथुरा - वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों पर भी लोग परिवार के साथ जा रहे हैं। कोरोना संक्त्रस्मण के चलते करीब दो साल से लोग कहीं घूमने नहीं जा सके थे और अपने घरों में ही कैद रहे । इस बार लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ घूमने जा रहे हैं। गर्मी के मौसम में लोग अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी से थोड़ा दूर होकर कुछ पल मौजमस्ती में गुजारते है ।
ट्रेनों में नहीं मिल रही जगह
इन दिनों ट्रेनों में भीड़ है। अधिकांश ट्रेनों में रिजर्वेशन मिलना मुश्किल हो गया है। वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी हो गई है कि रिजर्वेशन कंफर्म होने की गुंजाइश नहीं है। दिल्ली, मुंबई, पूना तथा कोलकाता सहित अन्य महानगरों में जाने के लिए ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है। गर्मी की छुट्टी और शादी, विवाह का मौसम होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। लोग अब ट्रैवल एजेंसी और निजी वाहनों की मदद ले रहे हैं। इससे उन्हें अधिक बजट भी खर्च करना पड़ रहा है।
ट्रैवल बुकिंग एजेंसी दे रहीं आकर्षक पैकेज
शहर की ट्रैवल्स एजेंसी और बुकिंग सेंटरों पर टूर पर जाने वालों को उनके बजट के अनुसार आकर्षक पैकेज भी दिए जा रहे हैं। शहर के अपार्टमेंट और कॉलोनी में रहने वाले लोग संयुक्त रूप से घूमने का प्लान बना रहे हैं। इससे एक तो मस्ती करने का मौका मिलता है दूसरा टूर का पैकेज भी काफी सस्ता पड़ता है।
युवाओं की पहली पसंद विदेश
गर्मियों में छुट्टियों का आनंद लेने के लिए युवा वर्ग का खासा क्त्रस्ेज विदेश का टूर है। यही वजह है कि युवा वर्ग की पहली पसंद बैंकॉक, मलेशिया, दुबई, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल, भूटान, वियतनाम, टर्की आदि देश हैं। जबकि देश में पहली पसंद जम्मू कश्मीर, गोवा, पुणे, मुंबई, केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश हैं।
धार्मिक स्थलों पर भी घूमना कर रहे हैं पसंद
परिवार के साथ धार्मिक स्थलों पर जाने वालों की भी संख्या काफी अधिक है। सबसे ज्यादा मांग वैष्णो देवी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि में धार्मिक स्थलों पर घूमने जाने की है। हालांकि ट्रेनों में पहले से ही काफी भीड़ होने के चलते लोगों को कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वे ट्रैवल एजेंसी और निजी वाहनों के जरिए यात्रा कर रहे हैं।
बोले यात्री....
परिवार के साथ घूमने के लिए गोवा और मुंबई जाना था। ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिल पाने से ट्रैवल एजेंसी के जरिए बुकिंग कराई है। इससे थोड़ा बजट बढ़ गया है।
- हिमांशु जादौन,
परिजनों के साथ वैष्णो देवी धाम की यात्रा के लिए तैयारी की थी। किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल रही। अब निजी वाहन के जरिए घूमने का प्लान तैयार किया है। इसमें सिस्टम से अधिक बजट खर्च होगा।
- नितिन वर्मा, यात्री
इनका कहना है ....
कोरोना के चलते दो साल से ट्रैवल एजेंसी का काम धीमा था। इस बार देश विदेश में घूमने वालों की संख्या ज्यादा है। इससे बुकिंग भी अच्छी खासी हो रही है। विदेश जाने वालों की ज्यादा डिमांड बैंकॉक और मलेशिया है। इसके बाद दूसरे शहरों की बारी आ रही है।
- ललित कुमार, ट्रैवल एडवाइजर
इस बार लोग घूमने के लिए वैष्णोदेवी, जम्मू -कश्मीर, उत्तराखंड और राजस्थान के लिए अधिक बुकिंग करा रहे हैं। ट्रेनों में सीट नहीं मिल पा रही है। जिसके कारण अधिकांश लोगों को अपना प्लान में बदलाव करना पड़ रहा है।
- प्रदीप कुमार शर्मा,
खंडेलवाल रिजर्वेशन सेंटर, समद रोड
हिमांशु जादौन, यात्री- फोटो : CITY OFFICE