राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह (फाइल फोटो)
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह और उनके पुत्र एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया अपने पैतृक गांव मढ़ौली में वोट डालने नहीं आए। वोट डालने के बाद शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा है कि पिता राजवीर सिंह अपने चुनाव में एटा में व्यस्त थे और दादा कल्याण सिंह जयपुर में जरूरी काम होने की वजह से वोट डालने नहीं आ सके।
गौर हो कि भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम की टिकट को लेकर विरोध के स्वर अतरौली से ही उठे थे। खुद कल्याण सिंह के सामने लोगों ने गुस्से का इजहार किया था। उस गुस्से का असर मतदान में भी दिखा। कल्याण सिंह के सजातीय लोधी वोट बैंक में भी सेंधमारी दिख रही है।
अतरौली का मतदान प्रतिशत भी इस बार कम है। शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह अपनी मां पूर्व विधायक प्रेमलता वर्मा व छोटी बहन काजल के साथ शाम चार बजे वोट डालने मढ़ौली के पोलिंग बूथ पर पहुंचे। संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में ोमोदी लहर चल रही है। चुनाव भाजपा ही जीतेगी। अतरौली में कोई टक्कर नहीं है, भाजपा काफी आगे है।