अलीगढ़। बजट 2016-17 में स्वर्ण आभूषणों पर प्रस्तावित एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी के विरोध में दूसरे दिन भी महानगर एवं जनपद में सराफा कारोबार ठप रहा। सराफा व्यवसायियों ने सांसद के माध्यम से वित्त मंत्री को ज्ञापन भेजकर अपना विरोध दर्ज किया है। दो दिन की बंदी से जनपद में करोड़ों का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गुरुवार को अलीगढ़ सराफा कमेटी के अध्यक्ष विजय अग्रवाल एवं महामंत्री विनोद कुमार अन्य व्यवसायियों के साथ सांसद के विधानगर स्थित आवास पर पहुंचे और वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। व्यापारी नेताओं का कहना है कि एक्साइज ड्यूटी लगने से व्यापार चलाना असंभव हो जाएगा। आभूषण बनाने के काम में 90 प्रतिशत से अधिक कारीगर अनपढ़ एवं अशिक्षित है और किसी तरह से भी हिसाब रख पाने में सक्षम नहीं है। स्वर्ण आयात पर पहले से ही 10 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी सरकार वसूल रही है। ज्ञापन देने वालों में अतुल, अखिल आदि मौजूद थे। खैर रोड, गौंडा रोड सराफा कमेटी ने चेतावनी दी है कि मोदी सरकार ने एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं लिया तो इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ सकता है। अनुज कुमार कालू, शीपू सराफ, अजय कुमार सराफ, मुंशीलाल सराफ, संजय वर्मा आदि ने आक्रोश व्यक्त किया है।