विज्ञान संगोष्ठी में सम्मानित छात्र-छात्राएं। संवाद
रतन प्रेम डीएवी कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में एसटीएस मिंटो सर्किल एएमयू के कक्षा नौ के छात्र जुनैद खान अव्वल रहे। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा गुनगुन और केएमबी इंटर कॉलेज अतरौली के कक्षा 10 के छात्र मयंक कुमार क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।
संगोष्ठी में कक्षा 8 से 10 तक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर विचार प्रस्तुत किए। डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि ऐसी संगोष्ठियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जिला समन्वयक राजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण और वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और सतत ऊर्जा व्यवस्था के निर्माण की संभावनाओं व चुनौतियों पर प्रभावी ढंग से विचार रखे।
प्रधानाचार्य प्रियंका चौरसिया ने कहा कि विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने और उन्हें भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों के लिए तैयार करने में ऐसे आयोजन बेहद उपयोगी हैं। निर्णायक मंडल के सदस्य मोहम्मद मिनहाज अंसारी, मोहम्मद अबु शाद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रुचि सिंह, कविता कुमारी, साक्षी, कल्पना प्रज्ञेष का सहयोग रहा। संचालन रेखा रानी ने किया।