जेएन मेडिकल कॉलेज में डेंगू की दस्तक
जेएन मेडिकल कॉलेज में डेंगू का पहला केस सामने आने के बाद तैयारी शुरू कर दी गई हैं। संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए डेंगू टेस्ट किट एवं प्लेटलेट्स के इंतजाम कर लिए गए हैं।
खास बात यह है कि प्राइवेट में 25 हजार रुपये में मिलने वाला जंबो प्लेटलेट्स जेएन मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में 10 हजार में मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो 20-25 मरीजों के लिए एक्सट्रा बेड का इंतजाम किया जाएगा।
तीन दिन पहले जेएन मेडिकल कॉलेज में डेंगू का पहला पाजिटिव केस सामने आया। मरीज शहरी क्षेत्र का था। उसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डेंगू से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। प्राचार्य प्रो. तारिक मंसूर ने तमाम विभागों के चेयरमैन के साथ बैठक कर डेंगू से निपटने की योजना पर विचार किया। वर्तमान समय में ब्लड बैंक में करीब 400-500 प्लेटलेट्स उपलब्ध हैं। इसके साथ ही जंबो प्लेटलेट्स भी उपलब्ध है।
इससे फायदा यह होगा कि मरीज को बार-बार प्लेटलेट्स नहीं चढ़ाना पड़ेगा। 20 अलग-अलग बोतल के बराबर काम जंबो प्लेटलेट्स करेगा। प्राचार्य प्रो. तारिक मंसूर ने बताया कि करीब दो हजार डेंगू टेस्ट किट मंगाकर लैब में उपलब्ध करा दिए गए हैं। जरूरत पड़ी तो मरीजों के लिए 20-25 एक्सट्रा बेड लगा दिए जाएंगे। एएमयू के हेल्थ आफिसर एवं डीएसडब्लू कार्यालय द्वारा भी डेंगू को लेकर एलर्ट जारी कर दिया है।