पांचवें दिन जेएन मेडिकल कॉलेज के रेजीडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। शुक्रवार को जनरल बॉडी की मैराथन मीटिंग के बाद रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हड़ताल खत्म कर रात दस बजे से काम पर लौटने का निर्णय लिया।
डॉक्टरों के इस फैसले से पांच दिनों से परेशान मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आरडीए अध्यक्ष डॉ. ताबिश खान ने कहा कि रेजीडेंट डॉक्टर एवं मरीजों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए हड़ताल वापस ली गई है।
उनकी दो प्रमुख मांगें पूरी हो गईं हैं। हमारे साथी डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले तीमारदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही कैंपस में सुरक्षा के लिए गार्ड बढ़ा दिए गए है।
उन्होंने कहा कि आरडीए द्वारा गठित कमेटी ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और उसकी संस्तुति पर ही हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गया है।
रात दस बजे इमरजेंसी में कई रेजीडेंट डॉक्टर ड्यूटी करने पहुंच गए थे। इसके साथ ही मरीजों के पर्चे बनने लगे है। उल्लेखनीय है कि 29-30 नवंबर की रात्रि में एक युवक की मृत्यु के बाद तीमारदारों ने रेजीडेंट डॉक्टर फैजल रशीद के साथ मारपीट की थी।