भाजपा द्वारा मंगलवार को आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पिछले ७५ वर्ष में हमने क्या खोया और क्या पाया है, ये सभी को याद है। पिछले नौ वर्ष में केंद्र व प्रदेश की कानून व्यवस्था का यह हाल है कि तब व्यापारी आने से डरते थे। आज व्यापारी बेखौफ हैं और माफिया अदालत में जमानत निरस्तीकरण की गुहार लगा रहे हैं। नौ वर्ष का विकास जन जन का विकास और राष्ट्र का विकास है। राष्ट्र का गौरव बढ़ा है।
बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जो राम के राज में हुआ था, वह आज राम मंदिर के काल में हो रहा है। भगवान राम ने हर किसी का साथ दिया, चाहें वह कितना बड़ा हो या कितना छोटा। आज देश में भी हर वर्ग का विकास हो रहा है। तब तंज कसे जाते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे। मगर इन तंज कसने वालों को न पथा कि यह दैवीय कार्य है। जब पूर्ण बहुमत की केंद्र व प्रदेश में सरकारें बनीं तो मंदिर निर्माण हुआ। जब राम मंदिर का आंदोलन शुरू हुआ था तो भाजपा दो सीट वाली थी और शिलान्यास के समय 302 सीट वाली पार्टी हो चुकी थी। यह दैवीय कालचक्र का संयोग है।
इस दौरान उन्होंने एएमयू संस्थापक सर सैय्यद अहमद खान पर कहा कि उन्होंने 14 मार्च 1888 में सर सैय्यद ने मेरठ में एक भाषण दिया था। इसका जिक्र रिसाल-ए-बगावत-ए-हिन्द में पढऩे को मिलता है। उन्होंने उस समय क्या कहा, इस किताब से पढऩे को मिलता है। एएमयू को लेकर भी डिस्कवरी ऑफ इंडिया में काफी कुछ लिखा गया है। पेज नंबर-423 पर जिक्र है कि मुस्लिम लीग की स्थापना कब और कैसे हुई। इस दौरान करीब दो घंटे तक उन्होंने भाजपा की नीतियों, रीतियों पर चर्चा करते हुए लोगों को बताया कि किस तरह देश सुरक्षित हाथों में है। कैसे देश का विकास हो रहा है। इस मौके पर वैभव गौतम व अनिल नवरंग ने संयुक्त रूप से संचालन किया। इससे पहले दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मुख्य अतिथि का सम्मान किया गया। यहां लेखिका मीनाक्षी जैन ने राज्यसभा सांसद को अपनी पुस्तक गीता श्रीकृष्ण का सिद्धांत भेंट की।
आयोजन के कारण स्थगित रहा आंदोलन
भाजपा नेताओं द्वारा शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा आपराधिक कुंडली तैयार किए जाने के विरोध में चल रहा चरणबद्ध आंदोलन मंगलवार को इस आयोजन की वजह से स्थगित रहा।