कस्बा में रविवार की रात बदमाशों ने नानी के साथ सो रहे धेवते की गर्दन पर चाकू रखकर महिला को पीटकर नकदी और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। पुलिस मामले की जांच करने के साथ सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है।
कस्बा के फाजिलपुर रोड निवासी सावित्री (50) ने बताया कि वह अपने धेवते विष्णु और धेवती रश्मि के साथ अकेली रहती है। रविवार की रात को वह दोनों बच्चों के साथ सो रही थी। रात करीब दो बजे दो बदमाश घर में हथियारों के बल पर घुस और धेवते विष्णु (सात) की गर्दन पर चाकू रखकर उसे पीटकर सोने के कुंडल, चांदी की तोड़ियां व करीब 70 हजार की नकदी आदि सामान लूटकर ले गए।
लूट के बाद पीड़िता ने अपने करीबी लोगों को घटना से अवगत कराते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। घटना के संबंध में पीड़िता ने तहरीर दी है। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है पर अभी मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।