गैर प्रांतों से एएमयू में आकर पढ़ने वाली छात्राओं को यहां एक रैकेट अपने जाल में फंसाकर शादी का ड्रामा रचता है और फिर उनसे रकम ऐंठता है। यह खुलासा जम्मू कश्मीर के रामबन जिले से आए शादीशुदा युवती के पति व मायके पक्ष ने गुरुवार को किया।
यह परिवार जम्मू पुलिस के साथ वहां की अदालत से वारंट लेकर आया था, जिसके आधार पर क्वार्सी पुलिस ने युवती को केला नगर के एक युवक के कब्जे से मुक्त कराकर जम्मू पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि इस दौरान केला नगर के युवक ने प्रेम विवाह किए जाने का दावा करते हुए कुछ दस्तावेज पेश किए। मगर युवती ने अपने परिवार के पक्ष में बयान देकर युवक की बोलती बंद कर दी। बाद में युवती को जम्मू पुलिस व परिजन साथ ले गए।
जम्मू कश्मीर के रामबन जिले के बनिहाल थाना क्षेत्र की युवती के पिता यहां दोदपुर स्थित एक बैंक में बतौर प्रबंधक तैनात थे। वैसे परिवार जम्मू में ही रहता था। मगर जब बड़ी बेटी का एएमयू में पीएचडी और छोटी का बीए में दाखिला हो गया तो वह परिवार को लेकर दोदपुर इलाके में रहने लगे।
उनकी बीए में पढ़ने वाली बेटी की वर्ष 2014 में बनिहाल क्षेत्र के ही व्यापारी युवक से शादी कर दी थी। पढ़ाई के लिए युवती यहां रह रही थी। इसी दौरान केला नगर की एक अन्य एएमयू छात्रा के संपर्क में यह बीए की छात्रा आई और दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान केला नगर की छात्रा के भाई ने बीए की छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर उससे फर्जी दस्तावेज तैयार कर शादी कर ली और युवती को अपने साथ रखने लगा।
पिता का आरोप है कि विरोध करने पर इतना डराया कि उन्होंने अपना तबादला करा लिया और परिवार समेत पीएचडी कर रही बेटी को भी यहां से ले गए। बाद में यहां प्रेमजाल में फंसी बेटी ने फोन पर अपने पिता से उत्पीड़न की बात बताई कि उससे रुपयों की मांग की जा रही है।
युवती के पिता व जम्मू निवासी पति ने वहां की अदालत की शरण ली। अदालत ने युवती के पति के हक में धारा 100 का अभिरक्षा आदेश देकर जम्मू पुलिस को युवती को बरामद करके लाने के आदेश दिए। इसी आदेश के तहत युवती के पिता, पति आदि परिजन जम्मू पुलिस के साथ अलीगढ़ आए।
क्वार्सी पुलिस की मदद से युवती को बरामद किया गया तो उसने केला नगर के युवक के खिलाफ बयान दिए और पति व पिता के साथ जाने की बात कही। इस पर जम्मू पुलिस उसे अपने साथ ले गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार फिलहाल युवती को उसके परिवार के साथ जम्मू की अदालत के आदेश पर भेज दिया गया है। युवक के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं को फंसाने वाला रैकेट सक्रिय
युवती के पति पक्ष के अधिवक्ता सरदार मुकेश सैनी ने बताया कि इस मामले में डीएम को लिखित शिकायत की गई है। जिसमें आरोप है कि यह एक रैकेट है। अन्य कई युवतियों का जीवन भी इसी तरह बर्बाद किया गया है। यह लोग रकम के लिए प्रेमजाल में अच्छे घरों की युवतियों को फंसाते हैं।