जम्मू कश्मीर राज्य पुनर्गठन बिल पास होने व ईद पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए विशेष अलर्ट निरंतर जारी है। 48 घंटे की विशेष सेक्टर स्कीम की अवधि खत्म होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में ढील नहीं दी गई है। इधर महानगर के अलावा बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए जिले को 13 जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट व सेक्टर पुलिस अफसर तैनात कर दिए गए हैं। एएमयू में एक कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और कड़ी करते हुए आरएएफ एवं कई थानों की फोर्स से बुधवार सायं फ्लैग मार्च किया।
जम्मू कश्मीर में राज्य पुनर्गठन बिल के बाद पसरे तनाव को देखते हुए बकरीद पर विशेष सुरक्षा इंतजाम के उद्देश्य से जिले को 13 जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट व सेक्टर पुलिस अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मुस्लिम बाहुल्य इलाकों अतरौली, छर्रा, दादों, पालीमुकीमपुर, जलाली, पिलखना, कौड़ियागंज, खैर, चंडौस, टप्पल, इगलास, हरदुआगंज व गभाना में नियमित गश्त कराने तथा पल पल की स्थितियाें पर नजर रखने को कहा गया है। किसी भी विवाद को आपसी सूझबूझ से निपटाने के आदेश दिए गए हैं।
महानगर में ऊपरकोट जामा मस्जिद, चौकी सब्जी मंडी, फूल चौराहा, दही वाली गली, हलवाई खाना, हंडे वाली गली, भुजपुरा चौराहा, तालसपुर, खाई डोरा, बाबरी मंडी आदि मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी बुधवार को भी भ्र्रमणशील रहे। अन्य थानों की फोर्स के साथ खुफिया तंत्र भी सक्रिय रहा। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि बकरीद व स्वतंत्रता दिवस पर सीआरपीएफ, आरएएफ एवं थानों की फोर्स के अलावा मजिस्ट्रेट ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने की योजना बनाई गई है। विशेष अलर्ट के तहत लगाई गई मजिस्ट्रेट ड्यूटी भी जारी रहेगी।