अकराबाद के गांव मिर्जा चांदपुर निवासी कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज कोरोना संक्रमित नहीं है। तीसरी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद यह साफ हो गया है कि दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज की तब्लीगी जमात में शामिल हुआ यह युवक कोरोना पीडि़त नहीं है। साथ में उसके परिवार के सभी आठ सदस्यों की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद जिले के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
दिल्ली के तब्लीगी जमात के जलसा से लौटे संदिग्ध युवक को दो दिन पहले पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। बृहस्पतिवार को प्राथमिक रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे जनपद में खलबली मच गई थी। हालांकि देर रात कंफर्मेटरी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को भी युवक के स्वाब का नमूना जांच के लिए भेजा गया था। शाम में उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई। तब अधिकारी एवं जनपदवासियों को बड़ी राहत मिली है।
इसके साथ ही युवक के संपर्क में आए पत्नी, तीन बच्चे, चाचा और भाई सहित 8 नजदीकी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने से अधिकारी राहत महसूस कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि युवक व उसके संपर्क में आए 8 नजदीकी रिश्तेदारों की रिपोर्ट निगेटिव है। युवक पंडित दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है, जबकि परिजन छेरत स्थित राजकीय होम्योपैथी कॉलेज के क्वारंटीन में हैं।
दिल्ली की जमात में शामिल हुए मिर्जा चांदपुर के व्यक्ति की तीसरी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अब स्पष्ट है कि वह कोरोना संक्रमित नहीं है। उसके परिवार व उसके संपर्क में आए सभी आठ लोगों की रिपोर्ट भी कोरोना नेगेटिव है। यह जिले के लिए राहत भरी खबर है। जनपदवासियों के लिए यह बधाई की बात है। फिर भी लोगों से लॉकडाउन का शत प्रतिशत पालन करने की अपील है।
-चंद्रभूषण सिंह डीएम