मानिक चौक आगरा रोड पर जाम लगाकर हंगामा करते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
मानिक चौक इलाके में शुक्रवार देर रात आपूर्ति बाधित होने पर गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए। देर रात आगरा रोड मानिक चौक पुलिया पर जाम लगा दिया। इस खबर पर इलाका पुलिस व बिजली टीम भी पहुंच गई। आपूर्ति दुरुस्त करने के आश्वासन पर ही जाम खोला गया।
लोगों का कहना है कि शाम करीब 6 बजे के बाद से आपूर्ति नहीं आ रही। गांधीपार्क बस स्टैंड बिजलीघर से इस इलाके में आपूर्ति होती है। शुरुआत में तो लोग मानने लगे कि हो सकता है कि कटौती हो, कुछ देर में आपूर्ति आ जाएगी। मगर देर रात करीब 11 बजे तक जब आपूर्ति नहीं आई तो लोग एकत्रित होकर आगरा रोड मानिक चौक की पुलिया पर आ गए और जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों का कहना था कि शहर में ऊर्जा मंत्री रुके हुए हैं, वे जिस जिस इलाके में जा रहे हैं, वहां आपूर्ति आ रही है। मगर हमारे इलाके में आपूर्ति दुरुस्त करने वालों का ध्यान नहीं है। इस खबर पर मदार गेट चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ आ गए। पहले उन्होंने पब्लिक को समझाने का प्रयास किया। बाद में विद्युत टीम भी पहुंच गई। विद्युत टीम ने तत्काल आपूर्ति दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया। तब जाकर जाम खुला।