बरेली में तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस में डिप्टी कमांडेंट इंजीनियर केएल निर्मल की शनिवार को वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वे मूल रूप से हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के फरसौटी गांव के रहने वाले थे। पिछले काफी समय से वे सपरिवार मथुरा में बस गए थे।
बताया जाता है कि डिप्टी कमांडेंट निर्मल की बेटी को बंगलूरू में नौकरी मिल गई थी। उसको विदा करने वे कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। उनके साथ पत्नी राजकुमारी और साले भूपेंद्र सिंह भी थे। शिक्षक भूपेंद्र एटा जिले के बनगांव के रहने वाले हैं। दोपहर करीब पौने एक बजे जलाली-पनेठी रोड पर हकीमगढ़ माइनर के पास सामने से आ रही बोलेरो को ओवरटेक कर सामने आई स्विफ्ट से उनकी कार की जबर्दस्त टक्कर हो गई।
इस तेज भिड़ंत में बगल में चल रही बोलेरो भी अनियंत्रित होकर 15 फुट गहरी खाईं में जा गिरी। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। इससे पास के हकीमगढ़ी गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को बाहर निकाला। डिप्टी कमांडेंट कार में बुरी तरह से फंस गए थे जिन्हें बमुश्किल निकाला जा सका।
उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। निजी वाहन से सभी को पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। वहां से निर्मल को हायर सेंटर ले जाया जा रहा था कि मौत हो गई। निर्मल के एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा इंग्लैंड में कार्यरत है, वहीं एक बेटी डीयू में पढ़ाई कर रही है। बोलेरो सवार चाको, अर्जुन, सुमित, स्विफ्ट कार सवार इशरत, अली हसन, जहीर और कलीम को भी चोटें आयी हैं।
बारात में जा रहे थे स्विफ्ट सवार
जलाली। जलाली-पनेठी मार्ग पर हकीमगढ़ी माइनर के हुए हादसे में स्विफ्ट सवार भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार अलीगढ़ के भुजपुरा से जा रही बारात में शामिल होने के लिये स्विफ्ट कार सवार सोरों जा रहे थे। स्विफ्ट कार ने बोलेरो को तेज रफ्तार में ओवरटेक किया जिससे यह हादसा होने की बात कही जा रही है। सूचना पर तमाम बाराती भी मौके पर पहुंच गए थे।
30 मिनट बाद पहुंची दो एंबुलेंस
घटना के तुरंत बाद ही राहगीरों ने 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन कर दिया था लेकिन 30 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची। इससे पहले ही लोगों ने घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल भेज दिया था।
बोलेरो में घायल हुए निजी कंपनी के जीएम
गहरी खाई में गिरी बोलेरो में अहमदाबाद की निजी कंपनी के जीएम चाको सवार थे। यह कंपनी नरौरा सहित कई स्थानों पर निर्माण कार्य करा रही है। उसी का निरीक्षण करने वह दिल्ली एयरपोर्ट से मौके पर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद कंपनी द्वारा भेजे गये वाहन से वह ले जाए गए।