इस्लामिक विद्वान तारिक फतेह 11 जून को डीएस कॉलेज के सभागार में होने वाले विश्व शांति और इस्लाम संवाद कार्यक्रम में नहीं आएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते असमर्थता जताई है। इसकी सूचना उन्होंने मेल के जरिये आहूति अध्यक्ष अशोक चौधरी को दी है।
शहर में तारिक फतेह के आगमन की खबर को लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए थे। कार्यक्रम स्थल डीएस कॉलेज में बुधवार को छात्रनेताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और धरना देकर तारिक फतेह के कार्यक्रम को निरस्त करने की मांग की। इस संबंध में प्रॉक्टर व एसीएम को ज्ञापन सौंपा गया। बहरहाल, अब तारिक फतेह नहीं आ रहे हैं।
उधर, आहूति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि तारिक फतेह टोरंटो कनाडा में हैं। उन्होंने सेहत अच्छी नहीं होने का जिक्र करते हुए अपना कार्यक्रम निरस्त कर दिया है। अब वह जब भारत में होंगे, तब कार्यक्रम कराया जाएगा।
माहौल खराब होने से बचा
तारिक फतेह का कार्यक्रम निरस्त होने से शहर का माहौल खराब होने से बच गया। यह कहना उन लोगों का है, जिन्होंने उनके आगमन को लेकर एतराज जताया था। समाजसेवी मुजाहिद शेरवानी, एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष मोहम्मद सुहेब, अल कुरैश वेलफेयर सोसाइटी के प्रवक्ता नदीम कुरैशी सहित अन्य लोगों ने कहा था कि तारिक के बयान से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
कलेक्ट्रेट पर बारिश में गरजे छात्रनेता
तारिक फतेह के आगमन के विरोध में सपा छात्र नेता जियाउर्रहमान व एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनुशेष शर्मा की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पर आगमन को निरस्त करने की मांग की गई। प्रशासन व फतेह के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान एसीएम से नोकझोंक भी हो गई। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे छात्र व समाजसेवी बारिश में भीगते कलेक्ट्रेट पहुंचे। आरोप लगाया कि तारिक को एक षड़यंत्र के तहत तारिक फतेह को बुलवाया जा रहा है। इससे एक समुदाय में आक्रोश है, इसलिए उनके कार्यक्रम को निरस्त किया जाए। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन एसएलओ दिलीप यादव को सौंपा गया। इससे पहले एसीएम ने डीएम को ज्ञापन देने के लिए पांच लोगों को बुलाया। इस पर छात्रनेेताओं का कहना था कि सभी लोग अंदर जाएंगे। इसी बात को लेकर एसीएम रामसूरत पांडेय से नोकझोंक हो गई। इस मौके पर सछास जिलाध्यक्ष रंजीत चौधरी, किरनपाल सिंह, हनी यादव, पंडित विशाल गौतम, हाजी अरशान खान, मुजाहिद शेरवानी, नदीम खान, सुनील यादच, सुमित बघेल, अमित ठाकुर, दीपक वर्मा, सलमान, आरिफ, गौरव शमर्त्र, अरबाज खान, इकबाल शमशाद, शुभम सिंह, मनोज सिंह, सूरज सिंह, मानेश यादव आदि रहे।