गोंडा। ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में गलियां खराब होने और गड्ढों में खारिज पानी भरने की समस्या दूर करने के लिए काम शुरू कराए गए हैं। क्षेत्र पंचायत निधि के एक करोड़ रुपये से 21 गांवों की गलियों में इंटरलॉकिंग सड़क बनवाई जा रही है।
ब्लॉक के अधिकतर गांवों के अंदर घरों से निकले खारिज पानी की निकासी के समुचित इंतजाम न होने और गलियों की सड़क खराब होने की समस्याएं आ रही थीं। लोगों को कीचड़ भरी गलियों से होकर निकलना पड़ रहा था। जुलाई माह में क्षेत्र पंचायत निधि से कार्य कराने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे।
गोंडा के ब्लॉक प्रशासक चौधरी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मांगे गए प्रस्ताव के क्रम में क्षेत्र पंचायत निधि से गांव नगला बिरखू, नगला जोतू, श्याम नगरिया, ढोंड़ा, बनियाखेड़ा, ढांटौली, मजूपुर, बौल्ला, चिंतावास, भोजनगरिया, भगवानगढ़ी, बासफतेली, सरकोरिया, कलींजरी, जहरौली, बसौली ,नगला दरबर, कोढा, छोटी बल्लम सहित 21 गांवों में गलियों में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है।
इन विकास कार्यों में एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च हो रही है। कई गांवों विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कई जगह काम चल रहा है। जिन गांवों में गलियों में निकलने की समस्या विकराल थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है। कई अन्य गांवों में भी जो समस्याएं हैं, बजट आने पर वहां भी जल्द कार्य शुरू कराए जाएंगे।